रन 4 वीमेन पावर

Miscellaneous

विजय गोयल ने गांधी दर्शन, राजघाट से G20 रन फॉर वीमेन पावर दौड़ को झंडा दिखाकर रवाना किया
इस रन के जरिए हम स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहे हैं - गोयल
गुजरात, हरियाणा, यूपी और दिल्ली से लगभग 1000 प्रतिभागी रन 4 वीमेन पावर में शामिल हुए
महिला स्वतंत्रता सेनानियों ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई - किरण चोपड़ा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 5 मार्च को गाँधी दर्शन में जी 20 रन फॉर वीमेन पॉवर का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली, गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 1000 उत्साही धावकों ने भाग लिया। इस दौड़ को पूर्व केंद्रीय मंत्री और गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष विजय गोयल और वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती किरण चोपड़ा ने झंडा दिखाकर रवाना किया। गोयल ने इस अवसर पर प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए। यह कार्यक्रम गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति और हेल्थ फिटनेस ट्रस्ट के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया । पूर्व एशियाई मैराथन चैंपियन और हेल्थ फिटनेस ट्रस्ट की संस्थापक निदेशक सुनीता गोदारा दौड़ की समन्वयक थी।
युवाओं को प्रेरित करते हुए, विजय गोयल ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि यही टीम भावना हमें जीवन को देखने का एक नया नजरिया भी देती है। इस तरह के खेल आयोजनों से हमें टीम भावना सीखने को मिलती है। गोयल ने कहा, इस रन के जरिए महात्मा गांधी के साथ हम सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहे हैं और इस प्रकार के कार्यक्रम स्वास्थ्य के लिए भी ज़रूरी है । गोयल ने कहा कि महिला शक्ति के लिए इस जी-20 रन का आयोजन कर हम भारत के जी-20 की अध्यक्षता का जश्न भी मना रहे हैं। किरण चोपड़ा ने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में महिलाओं ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और महिलाएं जन्म से नेता होती हैं। समाज में हमें शिक्षा के माध्यम से बालिकाओं को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी लेनी होगी।सुनीता गोदारा ने कहा कि हम इस दौड़ के माध्यम से जी20 के संकल्प वसुधैव कुटुंबकम् 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' को गर्व से प्रदर्शित कर रहे हैं। कार्यक्रम के अन्य आकर्षणों में ज़ुम्बा और श्रीमती बेनी कालरा द्वारा "नारीत्व" पर नृत्य नाटिका शामिल था। इस कार्यक्रम के अंतर्गत ऐनबॉल स्टेट चैम्पियनशिप फ्रेंडली टूर्नामेंट का भी आयोजन किया गया। अन्य अतिथियों में संजीव कपूर, अध्यक्ष, स्पोर्ट्स ग्रिल; डॉ. डी डी लाल, आर्टेमिस अस्पताल के सलाहकार व चिकित्सक; करुणा जैन, सोशल वर्कर; संजय आहूजा, उपाध्यक्ष टी.फ.सी.आई और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।।